देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश में वरिष्ठ भाजपा नेता किशन कपूर का 73 साल की उम्र में निधन,राज्यपाल ने श्रद्धांजलि दी

शिमला, एक फरवरी हिमाचल प्रदेश के नेताओं ने पांच बार के भाजपा विधायक और पूर्व सासंद किशन कपूर को श्रद्धांजलि दी जिनका शनिवार को चंडीगढ़ स्थित अस्पताल (पीजीआई) में 73 साल की उम्र में निधन हो गया।

उनके परिवार में पत्नी रेखा कपूर तथा एक बेटा एवं एक बेटी हैं।

कपूर 1970 में जनसंघ से जुड़े थे और वह 1990,1993,1998, 2007 और 2017 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए।

उन्होंने 1998 से 2003 तक और 2007 से 2012 तक प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकारों में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया तथा दिसंबर 2017 से मई 2019 तक जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार में भी कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवा दी।

कपूर 2019 में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से 4.77 लाख वोटों के रिकॉर्ड अंतर से लोकसभा के लिए चुने गए जो कुल मतदान का 72.2 प्रतिशत था।

राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने कपूर को एक समर्पित नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए अनथक काम किया।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य विशेषकर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के विकास में कपूर का योगदान अतुलनीय है तथा लोग उन्हें लम्बे समय तक याद रखेंगे।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कपूर एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने राज्य के लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की।

पूर्व मुख्यमंत्रियों --जय राम ठाकुर, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपाध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और कई अन्य नेताओं ने भी दिवंगत भाजपा नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)