देश की खबरें | झारखंड में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई गई

रांची, 14 अगस्त मंगलवार को होने वाले 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पूरे झारखंड में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे, जबकि राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन दुमका में स्वतंतत्रा दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) किशोर कौशल ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और मोरहाबादी मैदान के आसपास कड़ी निगरानी की जा रही है।

उन्होंने बताया, ‘‘सभी आगंतुकों को जांच के बाद ही समारोह स्थल तक जाने दिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अवांछित व्यक्ति कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंचे और न ही कोई आपत्तिजनक सामग्री वहां तक लेकर जा सके।’’

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद से भी निगरानी करेगी।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), झारखंड जगुआर, उत्तर प्रदेश पुलिस, झारखंड सशस्त्र पुलिस, रांची पुलिस, होमगार्ड, राष्ट्रीय कैडट कोर (एनसीसी) की टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी।

इस बीच, रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने स्वतंत्रता दिवस को लेकर रांची और दुमका के लिए विशेष मौसम बुलेटिन जारी किया है। दोनों स्थानों पर मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)