देश की खबरें | वायुसेना काफिला पर हमला मामले में तलाशी अभियान तेज किया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू क्षेत्र के सीमावर्ती पूंछ और राजौरी जिलों में सुरक्षाबलों ने उन आतंकवादियों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है जो वायुसेना के काफिले पर हमले के लिए जिम्मेदार हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जम्मू, सात मई जम्मू क्षेत्र के सीमावर्ती पूंछ और राजौरी जिलों में सुरक्षाबलों ने उन आतंकवादियों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है जो वायुसेना के काफिले पर हमले के लिए जिम्मेदार हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवादियों के उन दो समूहों की धरपकड़ के लिए अपने अभियान का दायरा डोडा, उधमपुर और कठुआ जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ा दिया है जो 28 अप्रैल को बसानगढ़ इलाके में एक ग्राम रक्षा गार्ड (वीडीजी) की हत्या में शामिल थे।
पुंछ जिले में शाहसितार के पास शनिवार को आतंकवादियों ने भारतीय वायु सेना के वाहनों के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में वायुसेना के एक जवान की मौत हो गयी थी जबकि चार अन्य घायल हो गये थे।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार दिनों से चल रहे इस तलाशी अभियान को पुंछ जिले में सुरानकोट क्षेत्र के शाहसितार, गुरसाई, सनाई, लसाना, शींदारा टॉप तथा आसपास तेज कर दिया गया है। इस अभियान में ड्रोन, खोजी कुत्तों एवं अन्य निगरानी उपकरणों की मदद ली जा रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ घने जंगलों को खंगाला गया है तथा कश्मीर की ओर जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है, लेकिन हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों का अब तक कुछ पता नहीं चला है।
उन्होंने कहा कि 22 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है तथा अधिकारी सुराग के लिए कुछ सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सुरानकोट में पोस्टर लगाकर इस बात की घोषणा की गयी है कि उन दो लोगों की गिरफ्तारी के लिए जरूरी सूचना देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा जिन पर मुख्य संदिग्ध होने का संदेह है।
राजौरी में सुरक्षाबलों ने साडा और कांडी में दो लोगों की संदिग्ध आवाजाही की रिपोर्ट मिलने के बाद फिर तलाशी अभियान शुरू किया है तथा दोनों क्षेत्रों की घेराबंदी की गयी है।
उन्होंने बताया कि व्यस्त सड़कों खासकर जम्मू राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की चेकिंग बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिये गये हैं। जम्मू राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग राजौरी और पुंछ जिलों के लिए अहम मार्ग है और ये अनतंनाग संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हैं जहां 25 मई को मतदान है।
उधमपुर जिले के सुदूर पनारा गांव में 28 अप्रैल को आतंकवादियों के साथ हुई संक्षिप्त मुठभेड़ में एक ग्राम रक्षा गार्ड की मौत हो गयी थी।
सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान का दायरा डोडा, उधमपुर और कठुआ जिलों के विभिन्न क्षेत्रों तक बढ़ा दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से जारी तलाशी अभियान का विस्तार डोडा जिले के भलीस्सा क्षेत्रों तक कर दिया गया है। उनके अनुसार अब तक इस अभियान में कोई कामयाबी नहीं मिली है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जम्मू क्षेत्र) आनंद जैन ने पहले कहा था कि हाल में सीमापार से घुसपैठ कर आये आतंकवादियों के दो समूहों के इस क्षेत्र में मौजूद रहने की आशंका है और हर समूह में चार से पांच आतंकवादी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2024 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

