जरुरी जानकारी | एसईए, टेक्नोसर्व ने भारत में खाद्य तेलों में पोषक तत्व बढ़ाने के लिए समझौता किया

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल खाद्य तेल व्यापार निकाय सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एसईए) ने मंगलवार को कहा कि उसने भारत में खाद्य तेलों का पोषक तत्वों से संवर्धन (फोर्टिफिकेशन) बढ़ाने के लिए एनजीओ टेक्नोसर्व के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

एसईए ने बयान में कहा कि इस सहयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केंद्र द्वारा निर्धारित राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के स्वैच्छिक खाद्य तेल फोर्टिफिकेशन मानकों के अनुरूप भारतीय उपभोक्ताओं तक गुणवत्ता भरोसे वाला फोर्टिफाइड खाद्य तेल पहुंचे।

एसईए के अनुसार, यह साझेदारी, द्विपक्षीय प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और क्षेत्र-व्यापी सेमिनार के माध्यम से खाद्य तेल उत्पादकों की विशेषज्ञता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

यह फोर्टिफाइड खाद्य तेल के लिए आंतरिक गुणवत्ता भरोसे और बाहरी गुणवत्ता नियंत्रण उपायों को मजबूत करते हुए अच्छी विनिर्माण प्रथाओं, अच्छी स्वच्छता प्रथाओं और उपयुक्त फोर्टिफिकेशन विधियों को बढ़ावा देगा।

बयान में कहा गया है कि यह सहयोग नीति निर्माताओं और उद्योग अंशधारकों के साथ जुड़ाव के माध्यम से उद्योग-व्यापी स्वैच्छिक सुदृढ़ीकरण और खाद्य सुरक्षा अनुपालन को भी प्रोत्साहित करेगा।

एसईए के अध्यक्ष संजीव अस्थाना ने कहा, ‘‘एसईए प्रशिक्षण और तकनीकी कार्यक्रमों में नामांकित प्रसंस्करणकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा, प्रशासनिक सहायता, संचार और उद्योग के कारोबारियों के साथ अनुवर्ती समन्वय प्रदान करेगा और सदस्य कंपनियों को स्वैच्छिक सुदृढ़ीकरण और खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध होने को प्रोत्साहित करेगा।’’

भारत वैश्विक स्तर पर खाद्य तेल के सबसे बड़े उपभोक्ताओं में से एक है, और इसका पोषण तत्वों के साथ संवर्धन सुनिश्चित करना सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)