जरुरी जानकारी | एसबीएफसी फाइनेंस के आईपीओ को अंतिम दिन 75.80 गुना अभिदान

नयी दिल्ली, सात अगस्त गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) एसबीएफसी फाइनेंस के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सोमवार को निर्गम के अंतिम दिन कुल 75.80 गुना अभिदान मिला है। संस्थागत निवेशकों ने आईपीओ के प्रति जबर्दस्त उत्साह दिखाया है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के 1,025 करोड़ रुपये के आईपीओ में 10,53,25,317 शेयरों की पेशकश पर 7,98,38,68,100 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

पात्र संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) खंड को 192.89 गुना, गैर-संस्थागत निवेशक श्रेणी को 49.09 गुना अभिदान मिला। खुदरा निवेशक श्रेणी को भी 10.99 गुना अभिदान मिला।

आईपीओ के तहत 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा 425 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई गई है।

आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 54-57 रुपये प्रति शेयर है। कंपनी ने बुधवार को एंकर निवेशकों से 304 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए थे।

कंपनी के शेयर एनएसई और बीएसई पर सूचीबद्ध होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)