(फाइल तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, आठ मई इंडियन प्रीमियर लीग की तालिका में शीर्ष पर काबिज गुजरात टाइटंस के बायें हाथ के स्पिनर साई किशोर ने टीम की सफलता का श्रेय मुख्य कोच आशीष नेहरा को देते हुए कहा कि वह खिलाड़ियों से सीधे और स्पष्ट तरीके से अपने विचार साझा करते हैं।
गुजरात टाइटंस के 11 मैचों में आठ जीत के साथ 16 अंक है और टीम प्लेऑफ में जगह पक्की करने के काफी करीब है।
साई किशोर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ के प्रेस रूम कार्यक्रम में चुनिंदा मीडिया से कहा, ‘‘ आशू पाजी (नेहरा) अपने विचारों को लेकर काफी स्पष्ट रहते हैं। वह खिलाड़ियों से बिना किसी लाग-लपेट के संवाद करते है । वह अच्छा प्रदर्शन करने पर सबसे पहले तारीफ करने वालों में होते है, इसके साथ ही अगर आप टीम की योजना से भटकते है तो वह बता देते है कि उन्होंने ऐसी उम्मीद नहीं की थी । ऐसे में हर खिलाड़ी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार रहता है।’’
किशोर को मौजूदा सत्र में टीम के हर मैच में खेलना का मौका मिला है और तमिलनाडु के इस गेंदबाज ने अब तक 14 विकेट लेकर टाइटंस की सफलता में अहम योगदान दिया है।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और बायें हाथ के दिग्गज स्पिनर रहे डेनियल विटोरी भी किशोर की गेंदबाजी से प्रभावित है। सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच ने कहा था कि किशोर के पास सीमित ओवर के क्रिकेट में सफल होने की काबिलियत है।
विटोरी से मिली तारीफ से जुड़े ‘’ के सवाल पर साई किशोर ने कहा, ‘‘ यह काफी हौसला बढ़ाने वाली बात है। विटोरी ऐसे गेंदबाज रहे हैं जिनसे मैंने बचपन से प्रेरणा ली है। उन्हें स्पिन गेंदबाजी में महारथ हासिल थी। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है ।’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY