देश की खबरें | शिअद (संयुक्त) ने पदाधिकारियों की नियुक्तियां की
सीआईसीएसई 12वीं की बोर्ड

चंडीगढ़, चार जून राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींडसा के नेतृत्व वाले शिअद (डेमोक्रेटिक) और पूर्व सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के नेतृत्व वाले शिअद (टकसाली) के भंग होने के बाद पिछले महीने गठित शिअद (संयुक्त) ने शुक्रवार को अपने पदाधिकारियों की कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां कीं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता निधरक सिंह बराड़ और करनैल सिंह पीरमोहम्मद ने एक बयान में कहा कि शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने दो राजनीतिक सलाहकारों के अलावा कुल सात वरिष्ठ उपाध्यक्ष और 12 महासचिवों की नियुक्ति की है।

इसके गठन के बाद, ढींडसा को इसका अध्यक्ष और ब्रह्मपुरा को इसका संरक्षक बनाया गया था।

नई नियुक्तियों में हरमनजीत सिंह को पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिसके लिए 27 सचिवों की नियुक्ति की गई और 46 सदस्यीय कार्य समिति का गठन किया गया।

बराड़ और पीरमोहम्मद ने संयुक्त बयान में कहा, ‘‘जिला अध्यक्षों और अन्य इकाइयों की नियुक्ति बाद में ब्रह्मपुरा और ढींडसा द्वारा एक दूसरे के परामर्श से की जाएगी।’’

बराड़ और पीरमोहम्मद दोनों ही पार्टी के 12 महासचिवों में शामिल हैं।

पार्टी के नवनियुक्त वरिष्ठ उपाध्यक्षों में पूर्व मंत्रियों सेवा सिंह सेखवां और जगदीश सिंह गरचा और पंजाब विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष बीर देविंदर सिंह शामिल हैं।

पार्टी के नये महासचिवों में पूर्व विधायक रंजीत सिंह तलवंडी भी शामिल हैं।

शिअद (संयुक्त) का गठन पिछले महीने ब्रह्मपुरा द्वारा गठित शिअद (टकसाली) और ढींडसा द्वारा गठित शिअद (डेमोक्रेटिक) के भंग होने बाद हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)