विदेश की खबरें | यूक्रेन में मचाई गई तबाही के लिए रूस को क्षतिपूर्ति करनी होगी: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

लंदन, 21 जून ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने यहां बुधवार को ‘यूक्रेन रिकवरी समिट’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि इसके यूरोपीय पड़ोसी देश में मचाई गई तबाही के लिए रूस को अवश्य ही क्षतिपूर्ति करनी होगी।

उन्होंने यूक्रेन को ब्रिटिश सरकार की ओर से तीन अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण गारंटी की भी घोषणा की।

सुनक ने यू्क्रेन की समझ-बूझ की सराहना की और देश के ऊर्जा ग्रिड को नष्ट करने की कोशिश करने को लेकर रूस पर प्रहार किया।

लंदन में यूक्रेन के साथ संयुक्त रूप से ब्रिटेन इस दो दिवसीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। रूस के साथ जारी संघर्ष में यूक्रेन की मदद करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है।

सुनक ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि रूस को उस तबाही की क्षतिपूर्ति करनी होगी जो उसने की है। इसलिए हम रूसी संपत्ति के उपयोग के लिए कानूनी रास्ता तलाशने के वास्ते सहयोगियों के साथ काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटिश सरकार अपने प्रयास जारी रखेगी और मुझे गर्व है कि आज हम यू्क्रेन की अर्थव्यवस्था को सहयोग करने के लिए कुछ वर्षों की एक प्रतिबद्धता की घोषणा कर रहे हैं। तीन वर्षों में हम तीन अरब अमेरिकी डॉलर की ऋण गारंटी मुहैया कराएंगे।’’

विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष अजय बंगा ने इस नाजुक समय में यूक्रेन के लोगों को यह सहायता दिये जाने के ब्रिटिश सरकार के कदम का स्वागत किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)