विदेश की खबरें | रूस ने स्वघोषित संघर्ष विराम के पहले दिन यूक्रेन पर हमले किए, एक व्यक्ति की मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

उत्तर पूर्व में सुमी क्षेत्र में किए गए इन बम हमलों में दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

क्षेत्रीय अभियोजक कार्यालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि बम सीमा के निकट रिहाइशी इलाकों में गिराए गए।

यूक्रेन की वायुसेना ने सुमी क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात 02:39 बजे से शुरू होकर सुबह तक ग्लाइड बम और कम से कम एक मिसाइल दागे जाने को लेकर अलर्ट जारी किया है।

यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार पिछली रात 8:30 बजे के बाद से बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले नहीं हुए। हाल के सप्ताहों में यूक्रेन में लगभग प्रतिदिन ऐसे हमले हो रहे थे।

हालांकि देश के अन्य हिस्सों में अग्रिम मोर्चे के निकट छोटे पैमाने पर रूसी हमले जारी रहे, जिससे नागरिक हताहत हुए।

अभियोजकों ने बताया कि सुमी क्षेत्र के मायकोलाइवका में देर रात करीब तीन बजे हुए हमले में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 30 मिनट बाद, वोरोज्बा समुदाय में नागरिक बुनियादी ढांचे पर एक और बम गिरा, जिसमें 70 वर्षीय महिला घायल हो गई।

युद्ध विराम मॉस्को के समयानुसार बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को लागू हुआ।

रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मॉस्को में आयोजित समारोह के मौके पर 72 घंटे के एकतरफा युद्धविराम की घोषणा की थी। यूक्रेन दीर्घकालिक युद्ध विराम पर जोर दे रहा है।

मार्च में, अमेरिका ने 30 दिन के संघर्ष विराम का प्रस्ताव रखा था, जिसे यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया था, लेकिन रूस ने अपनी पसंद के अनुसार युद्ध विराम की शर्तें रखी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)