जम्मू, 17 मई जम्मू कश्मीर पुलिस ने बुधवार को कहा कि पुंछ जिले में सीमापार से हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त राष्ट्र-विरोधी तत्वों से निपटने के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुंछ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित बसकोटरा की अध्यक्षता में ‘सब्सिडियरी मल्टी एजेंसी सेंटर’ की बैठक में इस रोडमैप को अंतिम रुप दिया गया और इस बैठक में सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
उन्होंने बताया कि यह बैठक जिले में संपूर्ण सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बुलायी गयी थी जिसमें 22-24 मई के दौरान श्रीनगर में होने वाली जी 20 बैठक एवं अन्य संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ (सीमापार से) मादक पदार्थों एवं हथियारों की तस्करी समेत राष्ट्रविरोधी तत्वों की गतिविधियों एवं उनके तौर-तरीकों के खिलाफ उपयुक्त रोडमैप तैयार किया गया।’’
उन्होंने बताया कि निरीक्षण संबंधी सभी अधिकारियों को अपने कर्मियों को वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य, चौकियां स्थापित करने, बदमाशों, आतंकवादियों के समर्थकों/सहयोगियों एवं पूर्व आतंकवादियों के खिलाफ एहतितयात कार्रवाई के बारे में बताने का निर्देश दिया गया।
पुंछ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रविरोधी एवं असामाजिक तत्वों के नापाक मंसूबे को नाकाम करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने पर बल दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY