देश की खबरें | राजद नेता ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के शामिल होने की आलोचना की

पटना, सात अगस्त राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के विवादास्पद कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में शामिल होने पर सोमवार को स्पष्टीकरण मांगा।

तिवारी ने "हिंदू राष्ट्र" के लिए शास्त्री की वकालत को रेखांकित किया और दावा किया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के ऐसा किए जाने पर बिहार के सत्तारूढ़ महागठबंधन में ‘बेचैनी’ है।

तिवारी ने यहां एक वीडियो संदेश में कहा, "कमलनाथ को मध्य प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कहा जाता है। उनके और उनके बेटे द्वारा शास्त्री का किया गया स्वागत महागठबंधन के लिए पचाना मुश्किल है।"

कमलनाथ के बेटे नकुल छिंदवाड़ा से लोकसभा सांसद हैं, जहां पिता-पुत्र की जोड़ी शास्त्री के कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

तिवारी ने कहा, "शास्त्री ने कई मौकों पर देश को हिंदू राष्ट्र बनाने का समर्थन किया है। कुछ महीने पहले जब उन्होंने पटना में एक कार्यक्रम किया था, तब उन्होंने इस विचार को दोहराया था।"

बिहार के पूर्व मंत्री ने कहा, "स्पष्ट रूप से, शास्त्री के विचार महागठबंधन के विचारों से भिन्न हैं, जिसका मानना है कि देश को संविधान के अनुसार चलाया जाना चाहिए।"

तिवारी ने कहा, "इस पृष्ठभूमि में, यह आग्रह किया जाता है कि कांग्रेस अपने नेताओं को इस मुद्दे पर सफाई देने को कहे।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)