जरुरी जानकारी | रिलायंस ने हाइड्रोजन इलेक्ट्रोलाइजर के लिए नॉर्वे की नेल के साथ समझौता किया

नयी दिल्ली, 21 मई रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. ने हाइड्रोजन इलेक्ट्रोलाइजर के विनिर्माण के लिए प्रौद्योगिकी लेने को लेकर नॉर्वे की नेल एएसए के साथ समझौता किया है। इलेक्ट्रोलाइजर का उपयोग हरित हाइड्रोजन के उत्पादन के लिए किया जाता है।

नॉर्वे की कंपनी ने बयान में कहा कि नेल हाइड्रोजन इलेक्ट्रोलाइजर एएस के साथ समझौता रिलायंस को भारत में नेल के अल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइजर के लिए एक विशिष्ट लाइसेंस प्रदान करता है। साथ ही रिलायंस को वैश्विक स्तर पर निजी उद्देश्यों के लिए नेल के अल्कलाइन इलेक्ट्रोलाइजर के विनिर्माण की भी अनुमति देता है।

नेल हाइड्रोजन इलेक्ट्रोलाइजर ओस्लो की नेल एएसए की पूर्ण अनुषंगी कंपनी है।

एशिया के सबसे धनाढ़्य उद्योगपति मुकेश

अंबानी ने 2022 में उत्पादन संयंत्रों, सौर पैनलों और इलेक्ट्रोलाइजर सहित नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे में 75 अरब डॉलर का निवेश करने की योजना की घोषणा की थी।

हरित हाइड्रोजन, इलेक्ट्रोलाइजर में स्वच्छ बिजली का उपयोग करके पानी को विभाजित करके बनाया जाता है। इसे कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लक्ष्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।

भारत को अपनी हरित ऊर्जा क्रांति के लिए आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति के लिए रिलायंस हरित ऊर्जा कारोबार का निर्माण कर रही है। रिलायंस ने 2035 तक शुद्ध रूप से शून्य कार्बन उत्सर्जन वाली कंपनी बनने का लक्ष्य रखा है।

तेल से लेकर दूरसंचार कारोबार से जुड़ा समूह रिलायंस ने स्वच्छ ईंधन स्रोतों से 100 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन करने की योजना बनाई है। यह दशक के अंत तक देश के हरित ऊर्जा उत्पादन क्षमता के लक्ष्य का पांचवां हिस्सा है।

भारत सरकार ने 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इसमें से 280 गीगावाट के साथ सौर ऊर्जा की सबसे बड़ी हिस्सेदारी होने की उम्मीद है।

नेल के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी हाकोन वोल्डल ने कहा, ‘‘इस समझौते पर हस्ताक्षर करना नेल के इतिहास में एक मील का पत्थर है। रिलायंस नवीकरणीय हाइड्रोजन के वैश्विक उत्पादक के रूप में एक प्रभावशाली कंपनी है और मुझे गर्व है कि उन्होंने नेल को अपने प्रौद्योगिकी भागीदार के रूप में चुना है...।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)