देश की खबरें | पुणे में अज्ञात लोगों ने भाजपा एमएलसी तिलेकर के रिश्तेदार का अपहरण करके हत्या की

पुणे, नौ दिसंबर महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) योगेश तिलेकर के एक रिश्तेदार का सोमवार को पुणे में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर अपहरण करने के बाद हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

तिलेकर के रिश्तेदार सतीश वाघ (55) को पुणे शहर के हडपसर इलाके में शेवालवाडी चौक के पास चार से पांच लोगों ने तब एक एसयूवी में डाल लिया, जब वह सुबह की सैर पर निकले थे। इसके बाद पुलिस ने वाघ को ढूंढने के लिए कई टीमें गठित कीं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वाघ का शव पुणे जिले में पुणे-सोलापुर राजमार्ग पर यवत के पास मिला, जो उनके अपहरण स्थल से लगभग 40 किलोमीटर दूर है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज पाटिल ने कहा, ‘‘शव का पंचनामा करने के लिए एक टीम मौके पर भेज दी गई है।’’

इससे पहले दिन में पुलिस के एक अधिकारी ने कहा था कि तिलेकर के परिवार को फिरौती के लिए कोई कॉल नहीं आयी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वाघ को खेती में रुचि थी और शेवालवाडी के पास उनका एक होटल भी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)