बेंगलुरू, 15 जून विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोर के 115 रन की मदद से मुंबई ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दूसरे दिन पहली पारी में 393 रन बनाये ।
जवाब में उत्तर प्रदेश ने 25 रन पर दो विकेट गंवा दिये थे । सलामी बल्लेबाज समर्थ सिंह खाता भी नहीं खोल सके और प्रियम गर्ग पांच रन बनाकर आउट हो गए ।
पहला दिन मुंबई के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाम रहा जिन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरा शतक जमाया । वहीं दूसरे दिन के नायक तामोर रहे जिन्हें चोटिल आदित्य तारे की जगह टीम में रखा गया था । हरफनमौला शम्स मुलानी ने भी 50 रन बनाये ।
उत्तर प्रदेश के लिये बायें हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार ने 107 रन देकर तीन विकेट लिये । वहीं करण शर्मा ने 46 रन देकर चार विकेट चटकाये । मुंबई ने आखिरी चार विकेट 47 रन पर गंवा दिये ।
इससे पहले तामोर और मुलानी को जमने में समय लगा । मुलानी ने तामोर के सहायक की भूमिका निभाई और दोनों ने छठे विकेट के लिये 113 रन जोड़े ।
तामोर ने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया जबकि मुलानी ने पांच चौके जड़े ।
उत्तर प्रदेश की शुरूआत खराब रही । धवल कुलकर्णी और तुषार देशपांडे ने एक एक विकेट लिया । दूसरे दिन के अंत में माधव कौशिक 11 और शर्मा 10 रन बनाकर खेल रहे थे ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY