देश की खबरें | राज्यसभा के सभापति धनखड़ नये संसद भवन पर रविवार को तिरंगा फहराएंगे

नयी दिल्ली, 16 सितंबर उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ रविवार को नये संसद भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

ध्वजारोहण समारोह सोमवार से शुरू होने वाले पांच दिवसीय संसद सत्र से एक दिन पहले होगा। इस सत्र में संसदीय कार्यवाही पुराने से नये भवन में स्थानांतरित हो सकती है।

लोकसभा सचिवालय के अनुसार, धनखड़ नये संसद भवन के ‘गज द्वार’ के ऊपर झंडा फहराएंगे।

इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघावाल और वी. मुरलीधरन के अलावा राज्यसभा और लोकसभा में विभिन्न दलों के नेता उपस्थित रहेंगे।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वह ध्वजारोहण समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने ‘‘काफी देर से’’ आमंत्रण मिलने पर निराशा व्यक्त की।

खरगे ने शनिवार को राज्यसभा महासचिव पी.सी. मोदी को पत्र लिखकर कहा कि उन्हें समारोह का निमंत्रण 15 सितंबर को देर शाम को मिला।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘मैं यह पत्र इस निराशा के साथ लिख रहा हूं कि कल नये संसद भवन में ध्वजारोहण समारोह के लिए आपका आमंत्रण मुझे काफी देर यानी 15 सितंबर, 2023 की शाम को मिला है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह 16 और 17 सितंबर को कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भाग लेने के लिए फिलहाल हैदराबाद में हैं और रविवार देर रात दिल्ली लौटेंगे।

खरगे ने कहा, ‘‘कल (रविवार) सुबह होने वाले समारोह में शामिल होना मेरे लिए संभव नहीं होगा।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मई को नये संसद भवन का उद्घाटन किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)