ताजा खबरें | राजीव गांधी ने कश्मीर से पंडितों के पलायन के खिलाफ आवाज उठाई थी: अधीर रंजन

नयी दिल्ली, 21 मार्च लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को कहा कि 1990 में उस समय विपक्ष के नेता राजीव गांधी ने कश्मीर से पंडितों के पलायन के खिलाफ आवाज उठाई थी।

हाल में आई फिल्म ‘कश्मीर फाइल्स’ में कश्मीरी पंडितों के खिलाफ घाटी में अत्याचार को दर्शाने की पृष्ठभूमि में चौधरी ने शून्यकाल में इस विषय को उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘1990 में तत्कालीन प्रधानमंत्री वी पी सिंह की सरकार भाजपा के समर्थन से चल रही थी और जम्मू कश्मीर के तत्कालीन राज्यपाल जगमोहन ने वहां से पंडितों और सिखों से कहा था कि ‘‘हम आपको बचा नहीं सकते, बाहर चले जाइए’’।’’

चौधरी ने दावा किया कि उसी समय देश में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा शुरू हुई थी जिसका प्रबंधन नरेंद्र मोदी देख रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘तब विपक्ष के नेता राजीव गांधी ने पलायन के खिलाफ आवाज उठाई थी।’’

कांग्रेस की राम्या हरिदास ने शून्यकाल में आरोप लगाया कि राज्य में के-रेल परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बच्चों और महिलाओं पर केरल सरकार और पुलिस ने अत्याचार किया है जिसकी मानवाधिकार आयोग द्वारा जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार से भी उक्त परियोजना को अनुमति देने अथवा नहीं देने के संबंध में स्पष्टीकरण देने को कहा।

वैभव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)