देश की खबरें | राजिंदर नगर उपचुनाव: पहले दौर की मतगणना में आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक आगे

नयी दिल्ली, 26 जून राजिंदर नगर विधानसभा उपचुनाव में रविवार सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। पहले दौर की मतगणना पूरी होने के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार दुर्गेश पाठक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अपने प्रतिद्वंद्वी राजेश भाटिया से 1,500 से अधिक मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।

अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पहले दौर की मतगणना के बाद पाठक ने लगभग 64 प्रतिशत मत प्राप्त किए।

वहीं, पहले दौर की मतगणना में 32.26 प्रतिशत मतों के साथ भाटिया उनसे पीछे थे।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमलता महज 2.09 प्रतिशत मतों के साथ पीछे चल रही हैं।

इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 23 जून को केवल 43.75 प्रतिशत मतदान हुआ था।

उल्लेखनीय है कि उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। हालांकि, मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है।

हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद आप नेता राघव चड्ढा के इस्तीफे से यह सीट खाली हो गयी थी।

बता दें कि सुबह आठ बजे से बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच मतगणना जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)