देश की खबरें | राजस्थान : पेटा ने एक और हाथी के पुनर्वास की मांग की

जयपुर, 20 मई गैर सरकारी संगठन ‘पीपुल्स फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स’ (पेटा) इंडिया ने जयपुर से एक और हाथी के पुनर्वास की मांग की है जिसने आमेर के किले में पर्यटकों को सवारी कराने के दौरान दूसरे हाथी पर हमला कर दिया था।

संगठन ने इस बारे में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और पर्यटन, कला और संस्कृति मंत्री दीया कुमारी को पत्र लिखा है।

संगठन ने पत्र में यह भी कहा है कि पर्यटकों की सवारी के लिए हाथियों की जगह पर्यावरण-अनुकूल मोटर चालित वाहनों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

पेटा इंडिया की निदेशक खुशबू गुप्ता ने कहा कि पांच मार्च का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक हाथी ने पर्यटकों को ले जा रहे दूसरे हाथी को खतरनाक तरीके से कई बार दीवार की ओर धक्का दिया।

उन्होंने बताया कि "हमने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी को पत्र लिखकर इस हाथी के पुनर्वास के लिए अनुरोध किया है।"

उन्होंने कहा कि सभी हाथियों की सवारी को पर्यावरण-अनुकूल मोटर चालित वाहनों से बदल दिया जाना चाहिए। इस तरह की सिफारिश पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की 'प्रोजेक्ट एलिफेंट' के तहत गठित समिति की एक रिपोर्ट में की गई थी।

आमेर के किले में पर्यटकों की सवारी के लिए हाथियों को इस्तेमाल किया जाता है। ये कार पार्किंग स्थल से पर्यटकों को आमेर के किले के प्रांगण तक लेकर जाते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)