देश की खबरें | राजस्थान : पुलिस उपमहानिरीक्षक के नाम पर रिश्वत लेते एक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को एक व्यक्ति को पुलिस उपमहानिरीक्षक के नाम पर पांच लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर, 24 जून भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को एक व्यक्ति को पुलिस उपमहानिरीक्षक के नाम पर पांच लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान जयपुर में टूर और ट्रेवल एजेंसी चलाने वाले प्रमोद शर्मा के रूप में की गई है। वह अक्सर भरतपुर के पुलिस उपमहानिरीक्षक के अधिकारिक आवास पर मौजूद रहता था।
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने विभिन्न थाना प्रभारियों को सम्पर्क करने के लिये पुलिस उपमहानिरीक्षक के अधिकारिक आवास के फोन का उपयोग किया है। आवास के कुछ कर्मियों द्वारा थाना प्रभारी को फोन किया जाता था और उन्हें प्रमोद शर्मा के मोबाइल पर बात करने को कहा जाता था।
प्रमोद थाना प्रभारी से उपमहानिरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर धन की मांग करता था।
उन्होंने बताया कि ब्यूरो इन सूचनाओं पर काम कर रहा था। आरोपी ने भरतपुर के उद्योगनगर के थानाधिकारी चन्द्रप्रकाश से कुछ दिन पहले 10 लाख रूपये उपमहानिरीक्षक के नाम पर मांगे और मामला पांच लाख रूपये में तय हुआ।
ब्यूरो ने बुधवार को प्रमोद शर्मा को जयपुर में पांच लाख रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में पुलिस उपमहानिरीक्षक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2020 08:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

