जयपुर, 16 फरवरी राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया और हादसे में मारे गये लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने एक बयान में कहा, ‘‘ईश्वर से मृतकों की पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।’’
उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘कुंभ में शामिल होने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी संख्या में उमड़ी भीड़ के कारण हुई भगदड़ में कई व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु हो गई।’’
गहलोत ने कहा, ‘‘इससे पहले, प्रयागराज में भी भगदड़ से कई श्रद्धालु जान गंवा बैठे थे परंतु दोनों ही दुर्भाग्यपूर्ण हादसों में कुल कितने लोग हताहत हुए इस बारे में किसी को भी जानकारी नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहले भी हर 12 वर्षों में कुंभ होता रहा है परंतु सरकार ने इस बार धार्मिक आयोजन का राजनीतिक फायदा उठाने की नीयत से इस बार यह भ्रम फैलाया कि 144 वर्षों के उपरांत यह महाकुंभ दोबारा आएगा जिस कारण अधिक से अधिक भीड़ उमड़ने लगी है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इन घटनाओं से सबक लेते हुए सरकार को चाहिए कि अब कुंभ की शेष अवधि तथा शाही स्नान, यदि अभी शेष हैं, तो इनकी तैयारी इस प्रकार करें कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो। आस्था के कार्यक्रमों को राजनीतिक हित साधने का माध्यम नहीं बनाना चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY