कोलंबो, 14 जुलाई श्रीलंका छोड़कर जा चुके राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने बृहस्पतिवार को अपना इस्तीफा ई-मेल के जरिये संसद के स्पीकर महिंदा यापा अभयवर्धना के कार्यालय को अपना इस्तीफा भेज दिया है, जो दस्तावेज की वैधता की जांच कर रहा है। मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई।
खबरों के मुताबिक, स्पीकर ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति राजपक्षे का इस्तीफा मिला है और उनका कार्यालय पत्र की वैधता की जांच कर रहा है।
एक असमान्य कदम के तहत मालदीव की संसद (मजलिस) के अध्यक्ष (स्पीकर) मोहम्मद नशीद ने बुधवार को घोषणा की कि श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब संकट ग्रस्त देश ‘‘आगे बढ़ सकता है।’’
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने इस्तीफा दे दिया है। मुझे उम्मीद है कि श्रीलंका अब आगे बढ़ सकता है। मेरा मानना है कि राष्ट्रपति अगर श्रीलंका में रहते तो इस्तीफा नहीं देते, क्योंकि उन्हें अपनी जान जाने का डर था। मैं मालदीव सरकार के कदमों की प्रशंसा करता हूं। मेरी शुभकामानाएं श्रीलंका के लोगों के साथ है।’’
उल्लेखनीय है कि राजपक्षे ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह 13 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने यह घोषणा देश में अभूतपूर्व आर्थिक संकट के बाद प्रदर्शनकारियों के उनके आधिकारिक आवास में दाखिल हो जाने के बाद की थी।
हालांकि, वह पद से बिना इस्तीफा दिए बुधवार को मालदीव चले गए और बृहस्पतिवार को वहां से सिंगापुर पहुंचे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY