चेन्नई, 24 अगस्त तमिलनाडु राजभवन ने मीडिया में एक सांसद के कथित हवाले से आयी उस खबर को ‘झूठा, शरारतपूर्ण और अपमानजनक’ बताया है जिसमें आरोप लगाया गया है कि राज्यपाल आर एन रवि के पारिवारिक कार्यक्रम के आयोजन में सरकारी धन का इस्तेमाल किया गया।
राजभवन ने एक बयान में कहा कि राज्यपाल ने ऊटी में 21-23 फरवरी, 2022 को एक पारिवारिक कार्यक्रम की मेजबानी की थी जिसका सारा खर्च उन्होंने (राज्यपाल ने) स्वयं वहन किया था।
इस कार्यक्रम के खर्च में अतिथियों के रहने-खाने, उनके लिए किराये की गाड़ियों के इंतजाम, कार्यक्रम में प्रकाश व्यवस्था, फूलों से साजसज्जा और कर्मियों पर व्यय आदि शामिल है।
इस बयान में कहा गया है कि मीडिया के एक वर्ग ने ‘‘सांसद दयानिधि मारन के सार्वजनिक भाषण का हवाला देते हुए 24 अगस्त, 2023 को एक खबर दी है जिसमें सांसद ने ऊटी में राज्यपाल के पारिवारिक कार्यक्रम में सरकारी पैसे का इस्तेमाल किये जाने का आरोप लगाया है।’’
बयान में कहा गया है कि चूंकि यह बयान झूठा, शरारतपूर्ण और अपमानजनक है , इसलिए तथ्यों को लोगों के सामने लाया जाना आवश्यक है।
बयान में कहा गया है, ‘‘ राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए सांसद द्वारा कथित रूप से दिये गये गैर जिम्मेदाराना एवं शरारतपूर्ण बयान बहुत ही निंदनीय है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY