रांची, 18 जून झारखंड में शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के साथ ही किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गयी। लगभग पूरे राज्य में रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इस बीच मौसम विभाग ने साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका और जामताड़ा में अनेक स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।
रांची में मौसम विभाग के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि नियमित समय से लगभग एक सप्ताह विलंब से शनिवार को झारखंड के उत्तर पूर्व इलाके से मानसून ने प्रवेश किया और उत्तर पूर्व के जिलों साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका एवं जामताड़ा में मानसून की पहली बारिश हुई।
उन्होंने बताया कि इन सभी जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि रांची, लोहरदगा, लातेहार, मेदिनीनगर, गढ़वा और चतरा के कुछ हिस्सों में भी भारी वर्षा की संभावना है।
उन्होंने बताया कि रविवार को भी झारखंड के उत्तर पूर्वी, दक्षिणी पूर्वी और मध्य भाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
आनंद ने बताया कि शुक्रवार को झारखंड के प्रमुख शहरों रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, मेदिनीनगर, गढ़वा, रामगढ, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई।
राज्य में पिछले 24 घंटों के अंदर कई जगहों पर भारी बारिश हुई। पाकुड़ जिले में सबसे अधिक 85.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पाकुड़िया में 22 मिलीमीटर, गोड्डा में 16.2 मिलीमीटर, मांडर और डुमरी में 12.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
राज्य के कई अन्य स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। राज्य में मानसून आने के साथ खरीफ की बुआई की तैयारी प्रारंभ हो गयी और किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर देखी जा रही है।
रांची में बुंडू के किसान प्रशांत ने बताया कि हम सभी बारिश का इंतजार कर रहे थे और अब धान का बिजड़ा तैयार करने में सभी किसान जुट गये हैं।
आनंद ने बताया कि जून में बेशक मानसून राज्य में लगभग एक सप्ताह विलंब से आया है, लेकिन धीरे-धीरे यह गति पकड़ लेगा और जुलाई-अगस्त में राज्य में औसत से अधिक बारिश होने की संभावना है।
, इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY