देश की खबरें | यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने से पहले राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए : भाजपा

जम्मू, 18 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपनी ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने से पहले पिछले 70 वर्षों के दौरान क्षेत्र में ‘‘उनके परिवार और पार्टी द्वारा किए गए पापों’’ के लिए देश, खासकर इस केंद्र शासित प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आतंकवाद का समर्थन करने वाले दलों के प्रति सहानुभूति रखती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही ‘‘वास्तव में देश को एकजुट किया।’’

रैना ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘गांधी परिवार और कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर के संबंध में ऐतिहासिक भूल की है और वे (कश्मीर घाटी में) आतंकवाद जारी रहने के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं, जिससे हजारों लोगों की जान चली गई है।’’

उन्होंने कहा कि यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश से पहले राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस द्वारा किए गए अत्याचारों को भुलाया नहीं जा सकता है। इसकी गलत नीतियों के खिलाफ अभियान चलाने वाले राष्ट्रवादियों को उन्होंने कैसे अपमानित किया और जेल में डाला, इसकी एक लंबी सूची है।’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को यह भी जवाब देना चाहिए कि 1947 में देश का बंटवारा क्यों हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)