नयी दिल्ली, 16 मई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन के निकट झुग्गी बस्ती जाकर वहां रहने वाली महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने उन्हें ‘‘अपने घर पर बुलडोजर चलाए जाने के डर’’ और महंगाई जैसी समस्याओं के बारे में अवगत कराया।
कांग्रेस ने महिलाओं के साथ राहुल गांधी की मुलाकात का वीडियो मंगलवार को जारी किया।
पार्टी ने कहा, "दिल्ली के शकूरबस्ती में रहनेवाले परिवार जहां एक तरफ चौतरफा महंगाई से परेशान हैं तो दूसरी तरफ बुलडोजर के खौफ में जीने को मजबूर हैं। बिजली, पानी, रसोई गैस और बच्चों की पढ़ाई को लेकर ये हर दिन चुनौतियों का सामना करते हैं।"
कांग्रेस ने कहा, "राहुल गांधी जी ने इन परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और समझीं।"
इस वीडियो में राहुल गांधी महिलाओं से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी लेते दिखाई देते हैं। इन महिलाओं ने कहा कि उन्हें सबसे बड़ा डर इस बात का लगता है कि कहीं उनका आशियाना न तोड़ दिया जाए।
वीडियो में कुछ महिलाएं महंगाई और खासकर एलपीजी सिलेंडर के बढ़े हुए दाम को लेकर शिकायत करती दिखती हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY