देश की खबरें | बारिश में भीगे राहुल गांधी, कहा: कोई भी चीज भारत यात्रा को नहीं रोक सकती

मैसूर (कर्नाटक), दो अक्टूबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को यहां भारी वर्षा के बीच जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘भाजपा और आरएसएस द्वारा फैलाई जा रही नफरत एवं हिंसा को रोकने’’ पर केंद्रित ‘भारत जोड़ो’ यात्रा को कोई भी चीज नहीं डिगा सकती।

दिन की यात्रा के आखिर में राहुल गांधी के जनसभा में पहुंचते ही वर्षा शुरू हो गयी लेकिन उन्होंने अपना भाषण जारी रखा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी और नहीं रुकेगी। आप देख रहे हैं कि वर्षा हो रही है लेकिन वर्षा इस यात्रा को नहीं रोक पायी।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘ गर्मी, तूफान या ठंड इस यात्रा को नहीं रोक सकती है। नदी जैसी यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी और इस नदी में आप नफरत और हिंसा जैसी चीजें नहीं देखेंगे। (इसमें) केवल प्यार एवं भाईचारा ही होंगे क्योंकि यही भारत का इतिहास है और यही उसके डीएनए में है।’’

गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा जो भी नफरत या हिंसा फैलाए लेकिन यह यात्रा उसे रोकेगी एवं लोगों को एकजुट करने में मदद करेगी।’’

इस बीच पार्टी महासचिवों-जयराम रमेश और रणदीप सुरजेवाला समेत कई पार्टी नेताओं ने गांधी का भाषण ट्वीट किया और कहा कि वह बारिश से भी अविचलित हैं और उन्होंने देश के लिए संघर्ष करने का अपना दृढ़ निश्चय दिखाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)