रायबरेली (उप्र), 21 फरवरी कांग्रेस नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए उसकी तथाकथित ‘डबल इंजन’ सरकार को पूरी तरह विफल और ‘इंजन रहित’ सरकार करार दिया।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर बेरोजगारी और महंगाई को दूर करने में विफल रहने का आरोप लगाया और निजीकरण की दिशा में केंद्र के कदम की आलोचना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अगर कांग्रेस उप्र में सत्ता में आती है, तो वह कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्यों की तरह रोजगार के अवसर सृजित करेगी।
अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दूसरे दिन लालगंज इलाके में युवाओं से बातचीत करते हुए गांधी ने कहा, “यह ‘डबल इंजन’ वाली सरकार नहीं है; बल्कि यह बिना इंजन वाली सरकार है।”
गांधी ने कहा,''जनता महंगाई और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, फिर भी सरकार के पास कोई ठोस समाधान नहीं है।"
उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि नोटबंदी ने छोटे कारोबारियों को खत्म कर दिया और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में सुधार उन्हें सहारा देने में विफल रहा।
उन्होंने कहा,"युवाओं ने पढ़ाई की, लेकिन वे अब भी बेरोजगार हैं क्योंकि (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी लागू की, जिसने छोटे कारोबारियों को खत्म कर दिया। भ्रष्टाचार, अदाणी, अंबानी- आपको इनके बीच के संबंध को समझने की जरूरत है। अगर आपको रोजगार चाहिए, तो पहला कदम छोटे कारोबारियों को पुनर्जीवित करना और उनकी रक्षा करना है। जीएसटी में बदलाव की जरूरत है। जब तक बैंक आपके लिए अपने दरवाजे नहीं खोलेंगे, तब तक रोजगार संभव नहीं होगा।"
गांधी ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के बढ़ते निजीकरण पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "आम लोगों के लिए बुनियादी सेवाएं दुर्गम होती जा रही हैं। निजी स्कूलों में पढ़ने के लिए लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन अगर डिग्री रोजगार नहीं देती है, तो यह कागज के बेकार टुकड़े से ज्यादा कुछ नहीं है। इसी तरह, निजी अस्पतालों में इलाज कराना आम आदमी के लिए मुश्किल होता जा रहा है।"
उन्होंने सरकार पर आर्थिक असमानता बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "आम नागरिक अपनी जरूरतों पर जीएसटी देते हैं, लेकिन अमीर उद्योगपति उसी अनुपात में कर नहीं देते। यह स्पष्ट अन्याय है। हाल ही में अंबानी की शादी में 10 करोड़ रुपये की घड़ी देखी गई, यह पैसा कहां से आ रहा है?’’
भाजपा के शासन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने लोगों से कांग्रेस शासित राज्यों से तुलना करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, "कर्नाटक में कांग्रेस सरकार क्या कर रही है, इसे देखिए। मुझे यह कहते हुए दुख होता है कि उप्र में देश की सबसे विफल सरकार है। ये लोग काम करना नहीं जानते। महंगाई और बेरोजगारी दो सबसे बड़े मुद्दे हैं। तथाकथित 'डबल इंजन' वाली सरकार वास्तव में बिना इंजन वाली सरकार है। यह एक विफल सरकार है। उन्हें हटाओ और कांग्रेस को सत्ता में लाओ, और आप देखेंगे कि कर्नाटक और तेलंगाना की तरह ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।"
गांधी ने सरकार पर विश्वविद्यालयों का निजीकरण करने और आरक्षण कोटा हटाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए अवसर और सीमित हो गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY