चंडीगढ़, तीन अगस्त पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पूर्व सलाहकार भरत इंदर सिंह चहल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोप में मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने कहा कि चहल के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान सतर्कता ब्यूरो ने पाया कि मार्च 2017 से सितंबर 2021 तक चहल और उनके परिवार के सदस्यों की आय 7.85 करोड़ रुपये थी, जबकि खर्च 31.79 करोड़ रुपये था-आय के ज्ञात स्रोत से लगभग 305 प्रतिशत अधिक।
ब्यूरो अधिकारी ने कहा कि चहल ने अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर संपत्ति बनाई थी।
प्रवक्ता ने कहा कि कथित तौर पर अवैध धन से अर्जित की गई संपत्ति में पटियाला में सरहिंद रोड पर स्थित दशमेश लक्जरी वेडिंग रिजॉर्ट (अल्कजार), पटियाला में मिनी सचिवालय रोड पर 2,595 गज में बनी पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत और नाभा रोड पर एक टोल प्लाजा के पास कल्याण गांव में 72 कनाल 14 मरला भूमि शामिल है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा चहल पर फतेहगढ़ साहिब जिले के मालाहेड़ी और हरबंसपुरा गांवों में जमीन खरीदने का भी आरोप है।
चहल ब्यूरो की पूछताछ के दायरे में हैं और वह पहले भी कई बार तलब किए जाने के बावजूद पेश नहीं हुए थे।
वह 2017 से सितंबर 2021 तक अमरिंदर के सलाहकार रहे और 2002 से 2007 तक उनके मीडिया सलाहकार भी रहे।
अमरिंदर सिंह ने 2021 में मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) नाम से अपनी खुद की पार्टी बनाई थी।
चहल के बेटे ने 2022 में सनौर सीट से पीएलसी के टिकट पर चुनाव लड़ा था लेकिन वह असफल रहे थे। चहल पिछले साल अमरिंदर के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY