फगवाड़ा (पंजाब), छह मार्च पंजाब राज्य में पिछले चार दिनों से लापता तीन नाबालिग छात्रों का पता लगाकर पुलिस ने उन्हें रविवार को उनके अभिभावकों को सौंप दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी।
बच्चों और उनके माता-पिता के पुन:मिलन का क्षण बहुत भावुक करने वाला था।
फगवाड़ा के उपसंभागीय पुलिस अधीक्षक हरीन्दरपाल सिंह ने बताया कि तीनों छात्र यहां एक इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि तीनों खोतरान गांव के एक सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं और दो मार्च को अपने स्कूल से भाग गए। उन्होंने बताया, ‘‘सभी छठवीं कक्षा के छात्र हैं और उनकी आयु करीब 14 साल है। ये पहले फगवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचे, वहां से जालंधर केंट रेलवे स्टेशन गए और फिर हरियाणा के अंबाला पहुंचे।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों एक रात अंबाला में रुके और वहां से एक अज्ञात व्यक्ति के साथ चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने बताया, ‘‘तीनों काम करना चाहते थे, लेकिन उन्हें कोई काम नहीं मिला।’’
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने तीनों को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया। उन्होंने बताया, ‘‘चूंकि हमने उनकी तस्वीरें पड़ोसी राज्यों और अपने राज्य के सभी पुलिस थानों को भेजी थीं, हमें कम शाम उनकी सूचना मिली। हम उन्हें यहां ले आए और आज उनके अभिभावकों को सौंप दिया।’’
सिंह ने कहा, ‘‘हालांकि, तीनों का कहना है कि वे अपनी मर्जी से काम की तलाश में निकले थे, लेकिन हम इसकी जांच कर रहे हैं कि किसी ने उन्हें गुमराह तो नहीं किया था।’’
उन्होंने बताया कि तीनों छात्रों में से एक के अभिभावक ने उनकी गुमशुदगी के बारे में पुलिस में एक शिकायत तीन मार्च को दर्ज करायी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY