देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने अपराधियों के सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की

चंडीगढ़, 25 सितंबर पंजाब पुलिस ने अपराधियों और राष्ट्र-विरोधी तत्वों के सहयोगियों के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देश पर पूरे राज्य में एक साथ छापेमारी की गयी।

अधिकारी ने कहा कि सभी 28 पुलिस जिलों में कई गैंगस्टर के करीबी सहयोगियों से जुड़े 264 आवासीय और अन्य परिसरों पर छापे मारे गए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि सभी आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को अभियान को सफल बनाने के लिए निरीक्षक या उप-निरीक्षक के नेतृत्व में मजबूत टीम को तैनात करने का निर्देश दिया गया था।

उन्होंने कहा कि कम से कम 500 कर्मियों वाले 150 से अधिक दलों ने छापेमारी की तथा इस दौरान 229 लोगों से पूछताछ की गई।

राज्य में कई गिरोहों के गिरफ्तार किए गए सदस्यों से पूछताछ के बाद इस अभियान की योजना बनाई गई थी।

पुलिस दलों ने इन अपराधियों से जुड़े घरों और अन्य परिसरों में गहन जांच की और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डेटा एकत्र किया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)