देश की खबरें | खालिस्तान विरोधी मार्च को लेकर पटियाला में हुई हिंसा की जांच के लिए पंजाब पुलिस ने एसआईटी बनाई

पटियाला, चार मई पंजाब पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने यहां पिछले सप्ताह निकाले गये खालिस्तान विरोधी मार्च को लेकर हुई हिंसा के मामले में जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। हिंसा में चार लोग घायल हो गये थे।

पुलिस महानिरीक्षक (पटियाला रेंज) मुखविंदर सिंह चिन्ना ने कहा कि पटियाला की घटना की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक मेहताब सिंह की निगरानी में एसआईटी गठित की गयी है।

चिन्ना ने कहा कि एसआईटी दो समूहों के बीच यहां 29 अप्रैल को हुए संघर्ष के मामले में विस्तृत जांच करेगी।

काली माता मंदिर के बाहर संघर्ष हुआ था जहां ‘शिवसेना (बाल ठाकरे)’ के सदस्यों ने ‘खालिस्तान मुर्दाबाद मार्च’ निकाला था। इस दौरान निहंगों समेत कुछ सिख कार्यकर्ताओं ने विरोध में एक और मार्च निकाला।

पुलिस के मुताबिक इसके बाद दोनों समूहों के बीच झड़प हो गयी जिसमें चार लोग घायल हो गये।

पुलिस ने हिंसा में शामिल रहने के आरोप में मुख्य आरोपी बरजिंदर सिंह परवाना और आठ अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के सिलसिले में छह प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)