देश की खबरें | पंजाब सरकार दिल्ली में पानी की आपूर्ति रोक कर ‘गंदी राजनीति’ कर रही है: मंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पानी के बंटवारे को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच जारी जुबानी जंग में शामिल होते हुए दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) शासित पंजाब पर दिल्ली में पानी की आपूर्ति रोककर ‘‘गंदी राजनीति’’ करने का आरोप लगाया।
नयी दिल्ली, एक मई पानी के बंटवारे को लेकर हरियाणा और पंजाब के बीच जारी जुबानी जंग में शामिल होते हुए दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) शासित पंजाब पर दिल्ली में पानी की आपूर्ति रोककर ‘‘गंदी राजनीति’’ करने का आरोप लगाया।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) के माध्यम से पंजाब सरकार पर हरियाणा की मांगों को पूरा करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया और कहा कि पड़ोसी राज्य ने मार्च तक अपने हिस्से का पानी पहले ही इस्तेमाल कर लिया था।
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आप शासित पंजाब सरकार पर हरियाणा और दिल्ली को यमुना का पानी रोककर ‘‘गंदी राजनीति’’ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ‘‘पंजाब सरकार हरियाणा और दिल्ली का पानी रोककर गंदी राजनीति पर उतर आई है। दिल्ली में हारने के बाद अब वे दिल्ली में जल संकट पैदा करना चाहते हैं।’’
हालांकि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के अधिकारियों ने कहा कि बृहस्पतिवार तक पानी की आपूर्ति सामान्य थी।
वर्मा ने कहा, ‘‘हम दिल्ली में साफ और हर घर में पानी देने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं और अब पंजाब सरकार दिल्ली की जनता से इस तरह बदला लेना चाहती है। बंद करो ये गंदी राजनीति! वरना पंजाब से भी जाओगे!’’
यमुना नदी का पंजाब से कोई सीधा संबंध नहीं है क्योंकि यह उत्तराखंड के यमुनोत्री ग्लेशियर से निकलती है और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में खत्म होती है।
डीजेबी अधिकारियों के अनुसार, हरियाणा में कुछ पानी भाखड़ा नांगल बांध से नरवाना नहर के माध्यम से आता है। इस बांध के माध्यम से हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली को पानी की आपूर्ति को नियंत्रित किया जाता है।
डीजेबी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘इस पानी का कुछ हिस्सा मुनक नहर में भेजा जाता है जो हरियाणा से निकलती है और दिल्ली के हैदरपुर में समाप्त होती है। अब तक, पानी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2025 12:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

