चंडीगढ़, तीन फरवरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी छह फरवरी को पंजाब के लुधियाना में डिजिटल रैली को संबोधित करेंगे। अटकले लगाई जा रही हैं कि राहुल राज्य में पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर सकते हैं।
कांग्रेस सूत्रों ने यहां कहा कि गांधी छह फरवरी को लुधियाना में डिजिटल रैली को संबोधित करेंगे।
गांधी ने 27 जनवरी को पंजाब के अपने पिछले दौरे के दौरान घोषणा की थी कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं से परामर्श करने के बाद जल्द ही इस बारे में निर्णय लिया जाएगा।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय लेने के अलावा, कांग्रेस स्वचालित कॉल सिस्टम के माध्यम से जनता की राय भी ले रही है कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होना चाहिए।
पिछले कई हफ्तों से, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू दोनों ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी की तरफ से खुद को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किये जाने का दावा किया है।
पिछले हफ्ते जालंधर में एक डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा था कि चन्नी और सिद्धू ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जो भी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के लिए चुना जाएगा, दूसरा उसका समर्थन करेगा।
राहुल ने यह बात तब कही थी जब सिद्धू ने रैली में मांग की थी कि पार्टी पंजाब चुनावों के लिए अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करे। सिद्धू ने कहा था कि वह ''शोपीस'' नहीं बनना चाहते हैं।
चन्नी ने तब कहा था कि वह किसी पद के पीछे नहीं हैं और शीर्ष पद के लिए पार्टी के उम्मीदवार का तहे दिल से समर्थन करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY