देश की खबरें | पंचायतों को भंग करने के आप सरकार के फैसले के खिलाफ पंजाब कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

मोहाली (पंजाब), 22 अगस्त पंजाब कांग्रेस ने मंगलवार को राज्य में सभी पंचायतों को भंग करने के आप सरकार के हालिया फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और इसे “तानाशाही” और “देश के संघीय ढांचे पर सीधा हमला” बताया।

पंजाब सरकार ने 10 अगस्त को एक आदेश में सभी ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों को भंग कर दिया। चुनाव नवंबर और दिसंबर में होंगे।

मंगलवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि सरपंच निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और यह निर्णय आप सरकार द्वारा उनके स्वशासन के अधिकार को छीनने का एक “घृणित” प्रयास है।

उन्होंने कहा, यह फैसला “देश के संघीय ढांचे पर सीधा हमला और संविधान का उल्लंघन” है।

पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने “तानाशाही” फैसले के लिए भगवंत मान सरकार की आलोचना की और पूछा, “क्या होगा यदि पंजाब के राज्यपाल अपनी संवैधानिक शक्तियों का उपयोग करें और आप सरकार को उसके कार्यकाल से छह महीने पहले भंग कर दें? क्या मुख्यमंत्री चुप रहेंगे या न्याय की दुहाई देंगे?”

पंजाब की सत्तारूढ़ पार्टी पर राज्य भर में पंचायतों के नेताओं और सदस्यों को “डराने” का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए, बाजवा ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तरह के किसी भी “अत्याचार” को बर्दाश्त नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान को लिखे पत्र में बाजवा ने कहा, “यह हैरान करने वाली बात है कि पंचायत चुनावों की तारीखों की घोषणा इतनी पहले कर दी गई है, पंचायत समितियों और जिला परिषदों के चुनाव 25 नवंबर, 2023 तक होने हैं, उसके बाद 31 दिसंबर, 2023 तक दो चरणों में पंचायत चुनाव होंगे।”

बाजवा ने लिखा, “समय पर चुनाव के महत्व को हालांकि कम करके नहीं आंका जा सकता, लेकिन यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि उचित प्रक्रिया का पालन किया जाए और चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखी जाए। जिस जल्दबाजी के साथ इतनी जल्दी इन तारीखों की घोषणा की गई है, उससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।”

वडिंग ने कहा,“हम इस असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक फैसले के खिलाफ लड़ना जारी रखेंगे और सरकार पर फैसला वापस लेने के लिए दबाव डालेंगे।”

पंजाब कांग्रेस ने पहले ही पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर आप सरकार के पंचायतों को भंग करने के फैसले को चुनौती दी है

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)