देश की खबरें | पंजाब के मुख्यमंत्री ने एक और टोल प्लाजा बंद करने की घोषणा की

समाना (पंजाब), 12 अप्रैल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को यहां समाना-पातरन मार्ग पर टोल प्लाजा बंद करने की घोषणा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पिछले साल मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के सत्ता में आने के बाद से राज्य में बंद होने वाला यह नौवां टोल प्लाजा है।

एक सभा को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि ये टोल प्लाजा ‘‘आम जनता की खुली लूट की दुकानें’’ थीं और उन्होंने ‘‘अपने समझौतों के सभी मानदंडों की धज्जियां उड़ाते हुए जनता के पैसे लूटे ।’’

उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा बंद होने से आम जनता के प्रतिदिन 3.80 लाख रुपये की बचत होगी।

मान के हवाले से यहां जारी एक सरकारी बयान में कहा गया है कि यह आश्चर्यजनक है कि उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय, पूर्ववर्ती प्रदेश सरकारों ने आंखें बंद कर इस लूट को ‘संरक्षण’ दिया ।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इन ‘गलत’ टोल प्लाजा की संदिग्धताओं को नजरअंदाज कर दिया और उन्हें ‘अवैध रूप से उगाही’ करने की अनुमति दी।

उन्होंने कहा कि अब तक बंद किसी भी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस या रिकवरी वैन की सुविधा समझौते के प्रावधान के बावजूद दिखाई नहीं दे रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)