देश की खबरें | पंजाब : होशियारपुर में 20 वर्षीय युवक की हत्या

होशियारपुर (पंजाब), आठ जुलाई होशियारपुर जिले में स्थित एक पेट्रोल पंप पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला कर 20 वर्षीय एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कथित घटना शुक्रवार देर रात लुधियाना शहर से करीब छह किलोमीटर दूर पुंग गांव में हुई।

पुलिस उपाधीक्षक (नगर) पलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक युवक की पहचान रामगढ़ मोहल्ले के निवासी तन्मय के रूप में हुई और उसने शुक्रवार देर रात एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल में ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर गया था तभी, वहां अपने वाहनों में ईंधन भरवा रहे कुछ लोगों ने तन्मय पर अचानक धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित को एक स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था। उसने बताया कि युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि उसने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ मॉडल टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस अपराध के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।

सिंह ने दावा किया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)