देश की खबरें | पंजाब : संपत्ति विवाद में 18 वर्षीय छात्र की स्कूल के सामने हत्या

बटाला, 16 फरवरी पंजाब के बटाला जिले के घूमन गांव में स्कूल के बाहर 18 वर्षीय एक छात्र पर दो लोगों ने धारधार हथियार से हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मृतक सिमरनदीप सिंह 12वीं कक्षा में पढ़ता था और सोमवार को उसकी हत्या तब की गई जब वह अपने भाई हरमनदीप सिंह के साथ स्कूल से बाहर आ रहा था।

पुलिस ने बताया कि हरमनदीप किसी तरह हमलावरों की चंगुल से बचने में कामयाब रहा लेकिन सिमरनदीप के सिर, गले और सीने में चोटें आईं।

उन्होंने बताया कि सिमरनदीप को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया है कि संदेह है कि सिमरनदीप की हत्या उसके परिवार एवं पड़ोसी के बीच चल रहे संपत्ति विवाद की वजह से की गई।

पुलिस में की गई शिकायत में सिमरनदीप के पिता हरदेव सिंह ने बेटे की हत्या में पड़ोसी का हाथ होने का आरोप लगाया है।

पुलिस के मुताबिक हरदेव सिंह ने पड़ोसी के परिवार के सदस्यों को नामजद किया है।

घूमन पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि मामले में नौ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-302 (हत्या) सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)