नयी दिल्ली, 21 अप्रैल जम्मू और कश्मीर के मिशन युवा कार्यक्रम और बारामूला को 'आकांक्षी जिलों' के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार में सेवाओं में बढ़ोतरी सहित अंतर-क्षेत्रीय पहल के लिए लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को लोक सेवा दिवस पर ये पुरस्कार प्रदान किए।
मिशन युवा के प्रशस्ति पत्र में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शाहिद इकबाल चौधरी के नेतृत्व वाली टीम की प्रशंसा की गई है। चौधरी जम्मू-कश्मीर के 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव अरुण कुमार मेहता ने मिशन युवा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के साथ यह पुरस्कार ग्रहण किया।
मिशन युवा ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से नवाचार (राज्य) श्रेणी में प्राप्त हुई कुल 600 प्रविष्टियों में शीर्ष स्थान हासिल किया। गुजरात सरकार के राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन ने दूसरा स्थान हासिल किया।
मिशन युवा को जम्मू-कश्मीर में युवाओं के सशक्तीकरण के लिए अग्रणी नवाचारों के लिए चयनित किया गया। इनमें बेहद पारदर्शी और प्रभावी सेवा वितरण के लिए शिक्षा, कौशल, कोचिंग, स्वयंसेवी और प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग की योजनाएं शामिल थीं।
मिशन युवा से पिछले दो सालों में करीब पांच लाख युवा प्रवृत्त हुए और योजनाओं से 61,000 से अधिक लोग लाभान्वित हुए।
इस पुरस्कार के तहत मिशन युवा को 20 लाख रुपये नकद, एक प्रशस्ति पत्र व सीईओ के लिए प्रशंसा प्रमाणपत्र आदि प्रदान किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY