देश की खबरें | पीटीआई फैक्ट चेक: टीएमसी ने 2017 में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मुर्मू का नाम प्रस्तावित नहीं किया

कोलकाता, 26 जून तृणमूल कांग्रेस ने 2017 में द्रौपदी मुर्मू का नाम राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए प्रस्तावित नहीं किया था। पार्टी के प्रवक्ताओं ने इस तरह का दावा करने वाली मीडिया में आई खबर को खारिज किया है।

मुर्मू वर्तमान राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा नीत राजग की उम्मीदवार हैं।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता कुणाल घोष के हवाले से एक प्रमुख हिंदी दैनिक अखबार ने इस सप्ताह की शुरुआत में अपनी खबर में कहा था कि पार्टी ने सबसे पहले 2017 में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए झारखंड की पूर्व राज्यपाल मुर्मू का नाम प्रस्तावित किया था।

पार्टी प्रवक्ता घोष ने कहा कि यह सूचना गलत है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने कई अन्य विपक्षी दलों के साथ 2017 में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को शीर्ष पद के लिए समर्थन दिया था। तब रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति चुने गए थे।

हालांकि, घोष ने तब निजी स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम पर सर्वसम्मति बनाने का सुझाव दिया था और तीन नाम प्रस्तावित किए थे, जिनमें नजमा हेपतुल्ला, तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी (दोबारा चयन के लिए) और मुर्मू का नाम शामिल था।

उस समय घोष को तृणमूल कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया था।

घोष ने पीटीआई- से कहा, ‘‘मैंने यह पत्र देश के एक नागरिक के तौर पर लिखा था। उस समय मैंने निजी स्तर पर उक्त नामों का सुझाव दिया था, न कि तृणमूल कांग्रेस की तरफ से।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)