विदेश की खबरें | पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिए मैक्रों के सम्मान में आयोजित किया गया कार्यक्रम

राष्ट्रपति के रूप में मैक्रों 24 अप्रैल को पांच साल के लिए फिर से चुने गए हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी मरीन ले पेन को हराया।

समारोह में मैक्रों ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘"आने वाला समय फ्रांस और यूरोप के लिए दृढ़ कार्रवाई का होगा।’’ उन्होंने कहा, "यूक्रेन में रूस के आक्रमण के बाद किसी भी टकराव से बचने के लिए पहले से कार्रवाई की जाएगी।"

मैक्रों ने देश पर शासन करने के लिए एक "निष्पक्ष तरीका" अपनाने और सरकार एवं संसद के राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक दुनिया से जुड़े संगठनों तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर काम करने का भी वादा किया।

समारोह में लगभग 500 अतिथि आमंत्रित किए गए थे जिनमें पूर्वराष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद और निकोलस सरकोजी भी शामिल थे।

इस अवसर पर संवैधानिक परिषद के अध्यक्ष ने चुनाव परिणाम पढ़कर सुनाया और मैक्रों को अपना भाषण देने से पहले फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान, ‘ग्रैंड मास्टर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ का नेकलेस प्रदान किया गया।

इसके बाद राष्ट्रपति एलिसी पैलेस के बगीचों में गए और परंपरा के अनुरूप उन्हें इनवैलिड्स प्लाजा से 21 तोपों की सलामी दी गई।

मैक्रों का दूसरा कार्यकाल औपचारिक रूप से 14 मई से शुरू होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)