रांची, 29 जुलाई झारखंड विधानसभा में सोमवार को उस समय हंगामा देखने को मिला, जब विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने बांग्लादेशी ‘‘घुसपैठ’’ और आदिवासियों के खिलाफ कथित अत्याचार को लेकर चिंता जताई, जिसके कारण कई बार के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य आसन के सामने आ गए और संथाल परगना क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करने के उच्च न्यायालय के निर्देश तथा पाकुड़ के एक छात्रावास में आदिवासी छात्रों पर पुलिस के कथित अत्याचारों पर सरकार से जवाब मांगने लगे।
शुरुआती हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुबह 11:26 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। जब दोपहर 12:35 बजे सत्र फिर से शुरू हुआ, तो भी हंगामा जारी रहा, जिसके कारण अंततः दोपहर 12:40 बजे सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के स्थगित कर दी गई।
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने व्यवधानों के बीच वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 4,833.39 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने बार-बार भाजपा नेताओं से अपनी सीटों पर लौटने और सदन को सुचारू रूप से चलने देने की अपील की, लेकिन उन्होंने अपना विरोध जारी रखा।
विपक्ष के नेता अमर कुमार बाउरी ने सरकार पर लोगों की आवाज नहीं सुनने का आरोप लगाया और दावा किया कि पाकुड़ में घुसपैठियों द्वारा दो आदिवासियों की जमीन हड़प ली गई है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जब आदिवासियों ने जमीन हड़पने के खिलाफ आवाज उठाई, तो उन्हें पीटा गया। आदिवासियों का दुमका के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।’’
बाउरी ने कहा कि जब आदिवासी छात्र संघ ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ विरोध करने का फैसला किया, तो पुलिस पाकुड़ के केकेएम कॉलेज में घुस गई और उन्हें पीटा।
इन आरोपों के जवाब में पोरियाहाट विधायक प्रदीप यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह जम्मू-कश्मीर की तरह झारखंड को भी बांटने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अगर घुसपैठिये झारखंड में घुस रहे हैं तो इससे पूरे देश को खतरा है।
उन्होंने इन मुद्दों को सुलझाने में गृह मंत्रालय की भूमिका पर सवाल उठाए और भाजपा नेताओं पर यह गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया कि घुसपैठिये आदिवासी महिलाओं से शादी कर रहे हैं और उन्हें छोड़ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY