प्रियंका ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया श्रमिकों के लिए आवाज उठाने का संदेश
जमात

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया संयोजक लल्लन कुमार ने बताया कि प्रियंका ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए संदेश में कहा, ‘‘हमें कोई डरा नहीं सकता और हम पूरी ताकत से श्रमिकों के लिए आवाज उठाएंगे।’’

प्रियंका ने कहा, ''साथियों, आपने योगी सरकार का कोरोना वायरस महामारी से लड़ने का तरीका देखा। कांग्रेस पार्टी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए बसों का इंतजाम किया, तो योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मुकदमे दायर कर उन्हें जेल भेज दिया।''

उन्होंने कहा, ''कोरोना वायरस संकट में पूरा देश एकजुट होकर महामारी से लड़ रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों के लिए बसों एवं ट्रेनों के टिकट, खाने और राशन का इंतजाम करने वालों को जेल में डाल रही है।''

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘आज राजीव गांधी जी का 30वां शहादत दिवस है। राजीव जी ने देश के लिए अपनी जान दी। वह हिंदुस्तान और इसके वासियों से बेइंतहा प्यार करते थे। गरीबों का दर्द उनसे देखा नहीं जाता था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सब उनकी सोच के वारिस हैं। हमने राजीव जी से कमजोरों की मदद करना सीखा है। हमें कोई नहीं डरा सकता।’’

प्रियंका ने कहा, ''राजीव जी की याद करते हुए आज 21 मई 2020, दोपहर एक बजे से उत्तर प्रदेश कांग्रेस के हमारे 50,000 हजार कार्यकर्ता फेसबुक लाइव के माध्यम से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और दमन का विरोध करेंगे .... ये राजीव जी को एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी। ''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)