रांची, 15 नवंबर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेपीसीसी) ने आदिवासी नायक बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के नाम पर कथित रूप से राजनीति करने के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की।
पांच राज्यों - मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम - में विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए जेपीसीसी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री इस दौरे से राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं।
जेपीसीसी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, ‘‘हम राज्य में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा की जन्मस्थली का दौरा किया। लेकिन, जिस तरह से मंच का भगवाकरण किया गया, हम कह सकते हैं कि वह (मोदी) उन्हें श्रद्धांजलि देने नहीं, बल्कि पांच राज्यों में हो रहे चुनावों का राजनीतिक लाभ लेने के लिए आये हैं।’’
ठाकुर ने प्रधानमंत्री पर झारखंड के लिए दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘एक तरफ, वह (प्रधानमंत्री) बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देते हैं, दूसरी तरफ वह झारखंड के मुख्यमंत्री को सलाखों के पीछे भेजना चाहते हैं, जो बिरसा मुंडा के रास्ते पर चलते हैं और जल-जंगल-जमीन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।’’
ठाकुर ने दावा किया कि मोदी देश के प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि भाजपा नेता के तौर पर यहां आये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY