देश की खबरें | सिंधुदुर्ग में भारतीय नौसेना का अभियानगत प्रदर्शन देखेंगे प्रधानमंत्री मोदी

नयी दिल्ली, दो दिसंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में तारकरली समुद्र तट से भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और विशेष बलों का "अभियानगत प्रदर्शन" देखेंगे। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने कहा नौसेना दिवस के मौके पर नौसेना अपनी लड़ाकू क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी।

राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी की एक प्रतिमा का अनावरण करने का भी प्रधानमंत्री का कार्यक्रम है। हर साल चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है।

मंत्रालय ने शनिवार को कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार दिसंबर को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। शाम करीब सवा चार बजे प्रधानमंत्री महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग पहुंचेंगे और राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।”

इसके बाद, प्रधानमंत्री सिंधुदुर्ग में नौसेना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री सिंधुदुर्ग के तारकरली समुद्र तट से भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और विशेष बलों के 'अभियानगत प्रदर्शन' को देखेंगे।”

बयान में कहा गया है, “हर साल, नौसेना दिवस के अवसर पर भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों, विमानों और विशेष बलों का 'अभियानगत प्रदर्शन' आयोजित करने की परंपरा है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)