देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार के सबसे बड़े ‘पोषक’ : आप

नयी दिल्ली, दो जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए उन्हें ‘‘ भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा पोषक’’ करार दिया और ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या उन्हें ‘शर्म’ नहीं आई?

पार्टी ने यह टिप्पणी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार के आठ अन्य विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे नीत महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने के बाद की।

‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मोदी से पूछा कि क्या जिन लोगों को ‘भ्रष्ट’ कहा जाता है उन्हें शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)सरकार में शामिल कर उन्हें ‘शर्म’ नहीं आई।

मुंबई स्थित राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेश बैस ने अजित पवार को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जबकि अन्य आठ राकांपा नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले राकांपा नेताओं में छगन भुजबल, दिलीप वाल्से पाटिल, हसन मुशरिफ, धनंजय मुंडे, अदिति तटकरे, धर्मराव अत्राम, अनिल पाटिल और संजय बनसोडे शामिल हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘कल तक जिनको भ्रष्टाचारी बोलते थे, उन पर सीबीआई/ईडी की रेड(छापेमारी) करते थे, आज उन्हें अपनी सरकार में शामिल कर लिया? शर्म नहीं आई प्रधानमंत्री जी? ’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘तो जब प्रधानमंत्री जी कहते हैं- एक भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ूंगा, उनका मतलब होता है सबको पार्टी में शामिल कर लूंगा।’’

अजित पवार के कदम के बाद ‘आप’ के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।

उन्होंने ट्वीट किया,‘‘ नरेन्द्र मोदी देश में भ्रष्टाचार के सबसे बड़े पोषक हैं। दो दिन पहले भ्रष्टाचार पर कार्यवाही की गारंटी दी आज ‘चक्की पिसिंग’वाले को उप मुख्यमंत्री, छगन भुजबल को मंत्री बनाया। आज सारे टीवी चैनल मोदी जी की निंदा करेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)