नयी दिल्ली, 31 जनवरी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि ये दोनों नेता "भ्रष्ट और कायर" हैं जो पहले अपने लिए कुछ करते हैं , बाद में जनता के बारे में सोचते हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनावी प्रचार में उत्तरी प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी पर दिल्ली को बर्बाद करने का आरोप भी लगाया और कहा कि ये दोनों दल जिम्मेदारियों से भागते हैं और बहाना बनाते हैं।
उन्होंने पहले नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित चौधरी के लिए रोड शो किया और फिर मुस्तफाबाद में कांग्रेस उम्मीदवार अली मेहंदी के लिए चुनावी सभा को संबोधित किया।
मुस्तफाबाद की सभा में प्रियंका गांधी ने दिल्ली से जुड़ी समस्याओं के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति ,महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और केजरीवाल पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा , "नेता तो राहुल गांधी हैं जो आपके लिए 4000 किलोमीटर पैदल चले।"
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी और केजरीवाल का हवाला देते हुए आरोप लगाया, "ये तो कायर हैं, दोनों समान हैं, भ्रष्ट और कायर हैं। यह पहले अपने लिए करेंगे उसके बाद जनता के बारे में सोचेंगे।"
कांग्रेस सांसद ने कहा, "आप शुरू से भाजपा की राजनीति देखेंगे तो पता चलेगा कि उनकी फूट डालने की राजनीति रही है।"
उन्होंने कहा कि दिल्ली में नेता शीला दीक्षित थी जिन्होंने बहुत काम किया लेकिन आज उसे दिल्ली को क्या बना दिया गया है ।
प्रियंका गांधी ने कहा, "आज शीला दीक्षित जी के काम का श्रेय आप और भाजपा ले रही है। पिछले 10 साल में दिल्ली में कोई नया काम नहीं हुआ है। शीला दीक्षित जी ने दिल्ली में जो काम किया, वो आपके सामने है। "
उनका कहना था, "केजरीवाल जी भ्रष्टाचार के खिलाफ बात करके एक नेता के रूप में उतरे, लेकिन क्या हुआ। उनमें और मोदी जी में कोई फर्क है। कहीं "शीशमहल" है तो कहीं "राजमहल" है।"
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी विफलताओं के लिए नेहरू और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हैं तो केजरीवाल प्रधानमंत्री मोदी को दोष देते हैं।
प्रियंका गांधी ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल जिम्मेदारी नहीं लेते और सिर्फ बहाने बनाते हैं।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था चौपट हो रही है, रुपया गिर रहा है, मासिक किस्त महंगी हो गई है, शेयर बाजार गिर रहा है , कर का बोझ बढ़ रहा है और हर सामान पर जीएसटी लगा है ।
उन्होंने कहा कि जनता को लगातार कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "हमारा संविधान सभी के लिए बना, जिसमें सभी के अधिकार समान हैं। संविधान ने आपको वोट की शक्ति दी है, जिससे आप अपनी सरकार चुनते हैं। आपका वोट संविधान को मजबूत भी कर सकता है और कमजोर भी कर सकता है। इसलिए आपको बहुत सोच-समझकर अपना निर्णय लेना होगा। "
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY