देश की खबरें | भारतीय प्रेस परिषद ने कर्नाटक चुनाव से पहले दिशा-निर्देश जारी किए

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) ने मंगलवार को प्रिंट मीडिया को ‘पेड न्यूज’ पर पत्रकारिकता के मानकों का अनुपालन करने की सलाह दी।

यहां जारी परामर्श में पीसीआई ने कोई भी ऐसी खबर प्रकाशित करने को लेकर आगाह किया है जो कर्नाटक में मतदान से ऐन पहले नतीजों का पूर्वानुमान लगाती हो या संकेत करती हो।

पीसीआई ने रेखांकित किया कि कोई भी अखबार किसी नेता के उद्धरण को गलत तरीके से पेश नहीं करे और संपादकीय में उद्धरण उसी तौर पर पेश किया जाए जो उनके द्वारा बताने की कोशिश की जा रही हो।

परिषद ने कहा, ‘‘स्तंभ में ऐसे समाचार जो बड़े पैमाने पर जाति के आधार पर मतदाताओं के नाम और एक विशेष राजनीतिक दल के उम्मीदवार के समर्थकों को इंगित करते हैं, वह समाचार प्रस्तुति के आधार पर पेड न्यूज को इंगित करते हैं।’’

पीसीआई ने कहा कि राजनीतिक खबर का समान सामग्री के साथ प्रतिद्वंद्वी अखबार में प्रकाशित होना ऐसी खबर के पेड न्यूज होने का संकेत करता है।

परिषद ने प्रिंट मीडिया को कर्नाटक का मतदान संपन्न होने से 48 घंटे पहले नतीजे को इंगित करने वाली खबर प्रकाशित नहीं करने का परामर्श दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)