नयी दिल्ली, 13 सितंबर भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) ने बुधवार को कहा कि उसने कोविड-19 महामारी के दौरान विभिन्न मीडिया समूहों द्वारा पत्रकारों की छंटनी का अध्ययन करने के लिए एक उप समिति गठित की है।
उप-समिति में पीसीआई सदस्य गुरबीर सिंह, एल सी भारतीय, प्रजनानंद चौधरी, जे एस राजपूत और वरिष्ठ पत्रकार पी साईनाथ और स्नेहासिस सूर शामिल हैं।
पीसीआई ने एक बयान में कहा कि उप-समिति उन पत्रकारों से विवरण मांग रही है जिनकी मार्च 2020 से फरवरी 2021 के बीच महामारी के दौरान छंटनी की गई थी।
पीसीआई ने यह स्पष्ट कर दिया कि उप-समिति का डेटा संग्रह का काम पूरी तरह से एक अकादमिक कवायद है और यह रिपोर्ट का हिस्सा होगा।
बयान में कहा गया है, “ यह स्पष्ट किया जाता है कि अध्ययन अकादमिक है और इसका उद्देश्य कोई राहत प्रदान करना नहीं है। इसके अलावा, ऐसे मामलों पर कोई राहत देना भारतीय प्रेस परिषद के अधिकार और दायरे में नहीं है।”
उप-समिति ने उन पत्रकारों से पीसीआई की वेबसाइट पर जाकर एक ऑनलाइन फॉर्म भरने को कहा है जिनकी महामारी के दौरान छंटनी हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY