देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: पंजाब, हरियाणा विधानसभाओं में मतदान जारी

चंडीगढ़, 18 जुलाई पंजाब और हरियाणा विधानसभा के परिसरों में सुबह 10 बजे राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू हुआ।

चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए विधानसभा परिसरों में सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा।

पंजाब में कांग्रेस के प्रताप बाजवा, सुखपाल सिंह खैरा, सुखजिंदर रंधावा और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं और कैबिनेट मंत्री लालचंद मत डाल चुके हैं। वहीं, हरियाणा में मंत्री कमल गुप्ता ने सबसे पहले मतदान किया। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जननायक जनता पार्टी के कई विधायक मतदान के लिए विधानसभा परिसर पहुंचे, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के विधायकों के दोपहर में मतदान करने की संभावना है।

कांग्रेस के विधायक खैरा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ हम यशवंत सिन्हा के लिए मतदान करेंगे और हमें उम्मीद है कि वह भारत के अगले राष्ट्रपति होंगे।’’

पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा में आप के 92 , जबकि कांग्रेस के 18 विधायक हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के तीन, भाजपा के दो, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का एक और एक निर्दलीय विधायक है। पंजाब में कांग्रेस के आठ लोकसभा सांसद, शिअद तथा भाजपा के दो-दो और शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) का एक सांसद है। वहीं, सभी सात राज्यसभा सदस्य आप के हैं।

आप तथा कांग्रेस ने सिन्हा, जबकि शिअद तथा बसपा ने मुर्मू का समर्थन करने की घोषणा की है।

हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के 89 सदस्य ही विधानसभा परिसर में मतदान करेंगे। कांग्रेस के विधायक कुलदीप बिश्नोई को पिछले महीने राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस-वोटिंग’ करने के मामले में निलंबित कर दिया गया था। बिश्नोई संसद परिसर में मतदान करेंगे।

विधानसभा में भाजपा के 40 और कांग्रेस के 31 विधायक हैं, जिनमें बिश्नोई ने बगावती रुख अपना रखा है। जननायक जनता पार्टी के 10, इंडियन नेशनल लोक दल और हरियाणा लोकहित पार्टी के एक-एक विधायक हैं।

हरियाणा में लोकसभा के सभी 10 सांसद भाजपा के हैं। पांच में से तीन राज्यसभा सदस्य भाजपा और एक भाजपा समर्थित निर्दलीय, जबकि एक कांग्रेस का सांसद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)