देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: गोवा के मुख्यमंत्री ने मतदान किया, मुर्मू के पक्ष में मतदान की अपील की

पणजी, 18 जुलाई गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को अपना वोट डाला।

राज्य विधानसभा परिसर में मतदान के बाद सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने सभी विधायकों से राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट देने का अनुरोध किया है।

शुरुआती मतदाताओं में शामिल मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि हमें (राजग की उम्मीदवार को) अधिकतम वोट मिलेंगे।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक डॉ देविया राणे ने मतदान के बाद कहा, ‘‘हमने हाल में मुर्मू के साथ बातचीत की थी। उन्हें वोट देना सम्मान की बात है।’’ 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में भाजपा के 20 विधायक हैं। उसे महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है।

मुर्मू के खिलाफ विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को चुनाव मैदान में उतारा है।

गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित पाटकर ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्ष एकजुट है और वह सिन्हा को वोट देगा।

कांग्रेस के पास 11 विधायक हैं, आम आदमी पार्टी (आप) के दो विधायक हैं, जबकि गोवा फॉरवर्ड पार्टी और रिवोल्यूशनरी गोवा के पास सदन में एक-एक सदस्य हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)